पूर्वी सिंहभूम, जिला के जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत पलाशबनी पंचायत अंतर्गत शिलापहाड़ी गांव में आयोजित साइंस समर कैंप का समापन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। बिंदु चंदन ट्रस्ट फॉर ट्राईबल सेल्फ एंपावरमेंट द्वारा 26 मई से 3 जून तक आयोजित इस विशेष कैंप में पांच गांवों के 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।

गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित इस कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना, सवाल पूछने की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना तथा सीखने की प्रक्रिया को खेल और प्रयोगों के माध्यम से आनंददायक बनाना था। कैंप के दौरान बच्चों ने विज्ञान आधारित प्रयोग, शारीरिक अभ्यास, खेलकूद, टीमवर्क, अंधविश्वास के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा मस्तिष्क मंथन जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। कैंप के मुख्य संचालक एवं प्रशिक्षक के रूप में विकास कुमार, प्रेम शर्मा और प्रदीप रजक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आठ दिनों से अधिक समय तक चले इस कैंप में बच्चों ने न केवल मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया, बल्कि विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को सरल प्रयोगों के माध्यम से समझते हुए अपनी तार्किक एवं रचनात्मक सोच का भी विकास किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस एवं सीआईडी अधिकारी एहतेशाम वकारीब उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण कर की और बच्चों द्वारा लगाए गए विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत प्रयोगों और मॉडलों की उन्होंने सराहना करते हुए बच्चों को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर ‘जल ज्योति फाउंडेशन ट्रस्ट’ के प्रतिनिधि सुबोध गोड भी मौजूद रहे। उन्होंने ट्रस्ट के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज जब लोग पर्यावरण संरक्षण की बातें तो करते हैं, लेकिन प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे समय में बच्चों को विज्ञान और पर्यावरण दोनों के प्रति जागरूक बनाने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों तथा ग्रामीणों की भी सहभागिता रही। कैंप और कार्यक्रम के सफल संचालन में अर्जुन, दीपाली और सीमा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन समारोह में अलेक्स, सुनील हेंब्रम, शिवानी, सिमोती, शकुंतला, सविता, लखी, सुशीला, मोहिनी सहित ट्रस्ट के अन्य ट्रस्टी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया।
